Advertisement

सत्यलोक द्वारा आगामी 7 जून को ऑफलाइन क्वीज प्रतियोगिता का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। ज्ञान ही वह शक्ति है जो समाज और भविष्य दोनों को बदल सकती है। इसी सोच के साथ गैर सरकारी संस्था सत्यलोक पिछले तीन वर्षों से इस क्षेत्र की सबसे बड़ी ऑफलाइन क्वीज प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर रही है।

जानकारी के अनुसार आगामी सात जून को बोकारो जिला के हद में इंटर कॉलेज गोमिया में ऑफलाइन क्वीज प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं में ज्ञानार्जन, प्रतियोगी सोच और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है, ताकि वे आने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं और जीवन की चुनौतियों के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें।

बताया जाता है कि आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु फॉर्म ऑनलाइन भरा जाता है तथा प्रथम 13 प्रतिभागियों को अनेक आकर्षक और बहुमूल्य पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। लेकिन इससे भी बड़ा पुरस्कार है, सीखने की प्रेरणा, आत्मविश्वास और अपने सपनों को नई दिशा देने का अवसर।
ज्ञात हो कि सत्यलोक संस्था पिछले लगभग 23 वर्षों से इस क्षेत्र में सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

संस्था द्वारा अब तक लगभग 200 चयनित बच्चों को पिछले छः वर्षों से निःशुल्क शिक्षा एवं शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं क्षेत्र का पहला आधुनिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित किया गया है। साथ हीं विभिन्न चयनित स्थानों पर पौधे लगाकर सत्यलोक गार्डेन की स्थापना की गई। जबकि, हर वर्ष विभिन्न तरीके से ज़रूरत के अनुसार जन-जागरूकता अभियान चलाया जाता है। शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक सहयोग के माध्यम से क्षेत्र के हजारों रहिवासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया गया है।

जानकारी के अनुसार क्वीज प्रतियोगिता को दो वर्गो में बांटा गया है। पहले वर्ग में कक्षा पांच से ग्यारहवीं तक के विद्यार्थी तथा दूसरे वर्ग में कक्षा बारहवीं से अधिक के विद्यार्थी भाग लेंगे। सफल छात्रों को सत्यलोक द्वारा श्रेणी स्तर पर आकर्षक पुरस्कार दिया जायेगा। आज यह क्वीज प्रतियोगिता केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि इस क्षेत्र में शिक्षा और जागरूकता की एक नई क्रांति बनती जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *