इस मानसून 1000 वृक्ष लगाने व् जेनरेशन ग्रीन अभियान से युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विश्व पर्यावरण दिवस के विशेष अवसर पर 5 जून क़ो अग्रणी पर्यावरण संस्था वर्ल्ड ग्रीन लाइन के तत्वावधान में बोकारो जिला के हद में चास (बड़कुल्ही) स्थित प्राथमिक विद्यालय गुजरात कॉलोनी में पौधारोपण किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विद्यालय परिसर तथा आस-पास के क्षेत्रों में दर्जनों फलदार और छायादार पौधे लगाए।
ज्ञात हो कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वर्ल्ड ग्रीन लाइन ने इस मानसून सत्र में पूरे चास क्षेत्र में कुल 1,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस पहल को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संस्था द्वारा जेनरेशन ग्रीन नामक एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और हरियाली के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत युवाओं को प्रकृति से जोड़ने और उन्हें पौधारोपण तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपने का कार्य किया जाएगा।
संस्था की अध्यक्ष प्रीति रंजन ने इस अवसर पर कहा कि, पर्यावरण की रक्षा सिर्फ एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि यह हमारी जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। कहा कि जेनरेशन ग्रीन अभियान के माध्यम से हम युवाओं की ऊर्जा को प्रकृति के संरक्षण की दिशा में मोड़ना चाहते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं और पर्यावरण प्रेमियों का विशेष योगदान रहा। मौके पर मुख्य रूप से अध्यक्ष, वर्ल्ड ग्रीन लाइन प्रीति रंजन, पर्यावरण कार्यकर्ता अमृत बाउरी, बंकेश बाउरी, संजय रजक, राहुल, सोमनाथ कांदू, श्रवण मोदक, बब्लू दत्ता, सुमित बाउरी एवं अन्य उपस्थित थे। सभी उपस्थित सदस्यों और युवाओं ने लगाए गए पौधों के जीवित रहने और उनकी उचित देखभाल करने का संकल्प लिया। संस्था ने आम जनमानस से भी अपील की है कि वे इस मानसून में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और जेनरेशन ग्रीन अभियान का हिस्सा बनें।
![]()













Leave a Reply