Advertisement

धनबाद में आजसू नेताओं पर हमले व् झूठे मुकदमे को ले बोकारो परिसदन में गर्जना

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। धनबाद में आजसू पार्टी नेताओं पर बीते दिनों हुए कथित जानलेवा हमले तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाने के विरोध में बोकारो परिसदन में 22 मई को आजसू पार्टी के केंद्रीय नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने धनबाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि आजसू पार्टी हमेशा जनहित और आम जनों की आवाज उठाने का काम करती रही है, लेकिन धनबाद में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोयला माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले नेताओं पर ही जानलेवा हमला कराया गया। अब उन्हीं आजसू नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने कहा कि धनबाद पुलिस की भूमिका पूरी तरह संदिग्ध नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तविक अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि आजसू नेताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक साजिश नहीं बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है। पार्टी इस मामले को मानवाधिकार आयोग और महिला आयोग तक ले जाएगी, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।

केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि आजसू पार्टी किसी भी परिस्थिति में अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि धनबाद में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना है। पार्टी पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग करती है, ताकि सच्चाई सामने आ सके। केंद्रीय महासचिव संजय मेहता ने कहा कि आजसू नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसाकर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रेस वार्ता में आजसू केंद्रीय सचिव अजय सिंह, जिलाध्यक्ष सचिन महतो, कार्यकारी अध्यक्ष अशोक महतो समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *