Advertisement

रिंग बांध बनाओ संघर्ष समिति प्रतिनिधियों ने जल संसाधन मंत्री से मिल कर सौंपा ज्ञापन

मंत्री ने रिंग बांध निर्माण के लिए उच्च स्तरीय टीम भेजने का दिया आश्वासन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में नवगठित रिंग बांध बनाओ संघर्ष समिति सोनपुर के प्रतिनिधियों ने 12 सितंबर को भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में बिहार के जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी से भेंट की।

प्रतिनिधियों ने मंत्री से मिलकर सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर पश्चिमी, सबलपुर उत्तरी, सबलपुर मध्यवर्ती, सबलपुर पूर्वी, नजरमीरा, शाहपुर दियारा एवं गंगाजल पंचायत को कटाव मुक्त करने के लिए रिंग बांध निर्माण की स्वीकृति देने के लिए मांग पत्र सौंपा। मंत्री ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रिंग बांध निर्माण स्थल चयन के लिए उच्च स्तरीय अधिकारियों की टीम भेजने का आश्वासन दिया।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उपेन्द्र कुमार सिंह ने उपरोक्त जानकारी देते बताया कि हमारा संकल्प-कटाव मुक्त सबलपुर दियारा है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में रिंग बांध बनाओ संघर्ष समिति के सदस्यों एवं सबलपुर के सहयोगियों के साथ जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी से मुलाकात कर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया और रिंग बांध की मांग की गई।

विभागीय मंत्री चौधरी ने स्थिति की गंभीरता को समझा और सकारात्मक प्रयास करते हुए अविलंब बाढ़ निरोधी कार्यों को गति देने और रिंग बांध निर्माण स्थल चयन के लिए उच्च स्तरीय अधिकारियों की टीम भेजने का आश्वासन दिया है।
प्रतिनिधि मंडल में सोनपुर प्रखंड उप प्रमुख रंजीत कुमार, सबलपुर उत्तरी पंचायत के मुखिया त्रिभुवन राय, धर्मेन्द्र कुमार राय, अविनाश कुमार, पवन कुमार शर्मा, सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के मुखिया दिनेश कुमार राय आदि शामिल थे।

मंत्री को दिए ज्ञापन में उन्हें जानकारी दी गई है कि सोनपुर प्रखंड के उपरोक्त सातों पंचायत में लगभग 3.25 लाख आबादी रहती है। केवल सबलपुर के चारों पंचायत का रकबा 28 हजार बीघा का था। गंगा और गंडक के संगम पर स्थित क्रांतिकारियों एवं शहीदों की धरती सबलपुर गांव आज गंगा मैया के प्रकोप एवं प्रशासनिक विफलताओं के कारण तीव्र कटाव से ग्रसित है। कहा गया कि यह वही धरती है जो स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों राहुल सांकृत्यायन, रामवृक्ष बेनीपुरी आदि की शरणस्थली रही है, किंतु आज यह ऐतिहासिक गांव अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है।

कहा गया कि कटाव के कारण केवल आम जनता की व्यावसायिक एवं कृषि योग्य भूमि और घर ही नहीं बल्कि अरबों रुपए की कई सरकारी परिसंपत्तियां यथा स्कूल, पंचायत भवन, सड़क आदि भी कटाव की भेंट चढ़ रहा है। कहा गया कि वर्ष 2019 में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय एवं सारण के सांसद राजीव प्रताप रुढी के सहयोग से जिओ बैंग के जरिए कटाव रोधी कार्य कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप कटाव की गति में कुछ कमी आई।

लेकिन कटाव रुका नहीं। मंत्री को यह भी जानकारी दी गई कि कटाव का मुख्य कारण पटना की ओर गंगा नदी में निर्माण कार्यों से गाद जमाव होना तथा सबलपुर की ओर गंगा नदी का गहराई बढ़ना है। इसके चलते नदी का तीव्र कटाव गांव को लगातार निगल रहा है। कहा गया कि सबलपुर गांव के लगभग 300 घर कटाव की चपेट में आ चुके हैं। इस परिस्थिति में सबलपुर को बचाने का एकमात्र स्थायी उपाय रिंग बांध का निर्माण है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *