Advertisement

विधानसभा स्थापना दिवस पर डॉ लंबोदर महतो की पुस्तक सदन संवाद का विमोचन

विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की प्रशंसा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस के अवसर पर बीते दिनों गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो द्वारा लिखित पुस्तक सदन संवाद का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

पुस्तक विमोचन समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार तथा विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने डॉ महतो की पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि सदन संवाद पुस्तक लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को सरलतम रूप में प्रस्तुत करने वाली महत्वपूर्ण कृति है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक आने वाली पीढ़ियों को सदन की प्रक्रिया, जन अपेक्षाओं और राजनीतिक मूल्यों को समझने में मार्गदर्शन देगी।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी डॉ लंबोदर महतो को बधाई देते हुए कहा कि पुस्तक में सदन की कार्यशैली और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को जिस सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है, वह सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सदन संवाद जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और आम पाठकों के लिए उपयोगी साबित होगी।

इस अवसर पर पुर्व विधायक डॉ महतो ने कहा कि पुस्तक लिखना उनके लिए एक भावनात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण अनुभव था। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य सदन की प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता की अपेक्षाओं को सरल भाषा में पहुंचाना है। उन्होंने पुस्तक के विमोचन में शामिल सभी माननीयों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *