Advertisement

बोकारो के कृषि बाजार मंडी में 40 हजार की तेल चोरी, सुरक्षा पर उठे सवाल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास के आईटीआई मोड़ स्थित कृषि बाजार मंडी में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने बाजार समिति के अध्यक्ष एवं खाद्य तेल व्यवसायी अनिल गोयल के गोदाम का ताला तोड़कर लगभग 40 हजार रुपये मूल्य का तेल चोरी कर लिया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब दुकानदार 24 मार्च की सुबह दुकान खोलने पहुंचे और ताला टूटा पाया। दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी है। जानकारी के अनुसार चोरों ने दुकान से कई पेटी तेल पार कर दिए। पीड़ित व्यवसायी ने आशंका जताई कि इतनी बड़ी मात्रा में चोरी को अंजाम देने के लिए चार पहिया वाहन का इस्तेमाल किया गया होगा। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश देखा जा रहा है।

व्यवसायी अनिल गोयल ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर महीने सुरक्षा के नाम पर राशि ली जाती है, बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था लचर है। उन्होंने कहा कि व्यापारी सरकार को भारी-भरकम टैक्स देते हैं, लेकिन सुरक्षा नहीं मिलती। चोरी की सूचना मिलने पर चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। यह मंडी जिले की सबसे बड़ी खाद्य मंडी मानी जाती है, जहां से पूरे क्षेत्र में खाद्य सामग्री की आपूर्ति होती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *