Advertisement

जनहित सर्वोपरि, विकास कार्यों में नहीं होगी लापरवाही-जिप अध्यक्ष सुनिता

जिले के सभी पंचायत तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता-उपाध्यक्ष

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। जिला परिषद बोकारो की 22 मई को सामान्य बैठक में विकास योजनाओं, जनसमस्याओं एवं विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष सुनिता देवी ने की। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया तथा अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

जिप की बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की संचालित योजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों के निष्पादन, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास एवं ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी। जिप अध्यक्षा सुनीता देवी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें। जिप अध्यक्षा ने कहा कि जिला परिषद का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ गांव के अंतिम जरूरतमंद तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों से सड़क, पेयजल, बिजली, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनका त्वरित समाधान जरूरी है। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों पर भरोसा कर जिम्मेदारी सौंपी है। उस भरोसे पर खरा उतरना हम सबकी जिम्मेदारी है। विकास कार्यों में तेजी लाने, लंबित योजनाओं को पूरा करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जिला परिषद लगातार प्रयासरत है। कहा कि जिन योजनाओं में अनावश्यक देरी हो रही है, उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।

जिप उपाध्यक्ष बबीता कुमारी ने कहा कि पंचायत स्तर पर कई ऐसी समस्याएं हैं, जिनका समाधान विभागीय समन्वय से ही संभव है। उन्होंने अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से लेने और जनता की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील की। उपाध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना जिला परिषद की प्राथमिकता है।

कहा कि सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यदि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तो विकास योजनाओं का लाभ तेजी से आम जनों तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि जिला परिषद जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रही है तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर पहल की जा रही है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी विभागीय अधिकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और प्रगति रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि विकास कार्यों में गति लाई जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *