Advertisement

हजारीबाग में पत्रकार से मारपीट के विरोध में बोकारो में विरोध मार्च व् डीसी को ज्ञापन

काला बिल्ला लगाकर टाउन हॉल से डीसी कार्यालय तक पत्रकारों का पैदल मार्च

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड के हजारीबाग में पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में 2 मई को बोकारो के पत्रकारों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध मार्च निकाला। बड़ी संख्या में पत्रकार टाउन हॉल में एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे।

इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा के माध्यम से राज्य के मुख्यमंत्री को ज्ञापन सह आवेदन सौंपा। बताया गया कि हजारीबाग में पत्रकार की पिटाई झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई थी।

डीसी को सौंपे गये ज्ञापन में पत्रकारों ने दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने और पीड़ित पत्रकार को सुरक्षा व मुआवजा देने की मांग की। पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीसी झा ने ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। विरोध मार्च में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल मीडिया के पत्रकार शामिल हुए। पत्रकारों ने कहा कि इस मुद्दे पर वे रांची प्रेस क्लब के साथ एकजुट हैं और मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *