Advertisement

तीन दिवसीय दशरथ मांझी नाट्य महोत्सव को लेकर पटना में प्रेस वार्ता

एस. पी. सक्सेना/पटना (बिहार)। बिहार की राजधानी पटना की सांस्कृतिक संस्था लोक पंच द्वारा आगामी 28 से 30 मई तक प्रतिदिन संध्या 7 बजे से तीन दिवसीय दशरथ मांझी नाट्य महोत्सव का आयोजन सारण जिला के हद में मशरख प्रखंड के ग्राम सेरुकहाँ में होने वाला है।

इस सन्दर्भ में 26 मई को राजधानी पटना स्थित लोक पंच कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में लोकपंच संस्था के अध्यक्ष राम कुमार सिंह, सचिव मनीष महिवाल, उपाध्यक्ष कुमार रोहित, संस्थापक सदस्य संजय कुमार सिंह, कलाकार रजनीश पांडेय, दीपा दीक्षित, अभिषेक राज, राम प्रवेश, अरबिंद कुमार, सोनल कुमारी, सहर्ष आदि उपस्थित थे।

प्रेस वार्ता में संस्था के अध्यक्ष राम कुमार सिंह ने बताया कि महोत्सव में मंच नाटकों के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की जाएगी। उन्होंने मीडिया के साथियों एवं दर्शकों को महोत्सव में आने का निमंत्रण दिया। उपाध्यक्ष कुमार रोहित ने बताया कि लोक पंच बिहार की राजधानी पटना की एक सक्रिय सांस्कृतिक संस्था है, जिसकी स्थापना वर्ष 2011 में की गयी तथा इसका निबंधन वर्ष 2017 में कराया गया। संस्था द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत मंच एवं नुक्कड़ नाट्य प्रदर्शन, नाट्य समारोह, नाट्य कार्यशालाओं, सेमिनार एवं गोष्ठियों का आयोजन होता रहा है।

कहा कि संस्था द्वारा विगत वर्षों में कई मंच एवं नुक्कड़ नाटकों जैसे जागो रे किसान, कोरोना से बचाओ, पास नहीं आए, जनता कर्फ्यू, सारी रात, नाट्य शिक्षक की बहाली, जब जागे तभी सवेरा, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वोट से करेगा चोट, बेटी पढ़कर क्या करेगी, बेरोजगार, दारू वाले भाई, जोरू के गुलाम आदि की प्रस्तुतियां बिहार के विभिन्न जिलों में की गयी। कहा कि कृषि पर आधारित लोकप्रिय नाटक क़ातिल खेत के 250 से अधिक प्रदर्शन किया गया हैं।

वरिष्ठ फिल्म निर्देशक एवं लोक पंच के संस्थापक सदस्य संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि हमने वर्ष 2017 से दशरथ माँझी नाट्य महोत्सव की शुरूआत की थी और प्रतिवर्ष इसका आयोजन करते रहे हैं। इसमें बिहार के विभिन्न नाट्य दलों द्वारा मंच एवं नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति बिहार के विभिन्न ग्रामों में की गई है। कहा कि संस्था समाज सेवा के क्षेत्र में समय समय पर गरीबो में कंबल, कपड़े तथा खाद्य सामग्री का वितरण किया जाता रहा है। कहा कि हमारी संस्था ने कोविंड 19 की महामारी के समय जरूरतमंदों में राहत सामग्री, मास्क, सैनिटाइजर, साबुन, राशन आदि का वितरण किया है। साथ ही वैक्सीनेशन का कैम्प लगवाकर आमजनों को कोविड का वैक्सीन लेने की प्रेरणा दी है।

लोक पंच द्वारा आयोजित तीन दिवसीय दशरथ मांझी नाट्य महोत्सव में होने वाले कार्यक्रमों का विवरण देते हुए लोक पंच के सचिव मनीष महिवाल ने बताया कि प्रथम दिवस 28 मई को नाटक मुनिया का ब्याह का मंचन किया जायेगा। इसके लेखक निर्देशक अविजित चक्रवर्ती, संस्था सर्किल थिएटर इन एजुकेशन फोरम, बिहार शरीफ। दूसरे दिन 29 मई को नाटक रासलीला के लेखक स्वामी वेदव्यास, निर्देशक पंडित संतोष पचौरी, संस्था रासलीला मंडल मथुरा, रंग रूप वैशाली एवं लोक पंच पटना द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अंतिम दिवस 30 मई को नाटक गंगा स्नान के निर्देशक मनोज सिंह, संस्था भिखारी ठाकुर नाट्य संस्था भोजपुर द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा। लोक पंच सचिव मनीष महिवाल ने मीडिया के साथियों एवं कलाकारों का आभार व्यक्त किया एवं महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *