रंजनवर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो एयरपोर्ट से जल्द उड़ान सेवा शुरू करने को लेकर प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। एयरपोर्ट परिसर और उसके आसपास बने अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इस दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया जा रहा है, ताकि एयरपोर्ट संचालन में किसी प्रकार की बाधा न रहे। प्रशासन का लक्ष्य आगामी 15 मई तक सभी अतिक्रमण को हटाकर उड़ान सेवा शुरू करने का है। इसी कड़ी में 5 मई को बोकारो के सेक्टर 12 मोड़ के समीप अतिक्रमण हटाने के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्रवाई के दौरान एक कबाड़ी की दुकान में जलता हुआ बल्ब नजर आया, जिसके बाद तुरंत सतर्कता बरतते हुए जेसीबी को पीछे कर दिया गया। समय रहते स्थिति संभाल ली गई, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया, जिसमें एक लाइसेंसधारी शराब दुकान में अवैध रूप से दो अलग-अलग सेक्टरों से बिजली कनेक्शन लेने की बात उजागर हुई। अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। जिला प्रशासन का कहना है कि एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू करने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी बाधाओं को दूर करने का प्रयास जारी है। अब देखना यह है कि क्या प्रशासन 15 मई तक सभी तैयारियां पूरी कर पाता है और बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू हो पाती है।
![]()













Leave a Reply