Advertisement

तेनुघाट में गणतंत्र दिवस की तैयारी तेज, 19 से 21 जनवरी तक पूर्वाभ्यास परेड

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित बेरमो अनुमंडल कार्यालय में आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुवा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट में गणतंत्र दिवस समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए बताया गया कि गणतंत्र दिवस के सफल आयोजन को लेकर पूर्वाभ्यास परेड का आयोजन आगामी 19, 20 एवं 21 जनवरी को चिल्ड्रन पार्क तेनुघाट में किया जाएगा। इस पूर्वाभ्यास में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्रा भाग लेंगे।

कहा गया कि पूर्वाभ्यास परेड के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी कुमार कनिष्क, गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव महतो, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो, अधिवक्ता वीरेंद्र प्रसाद की उपस्थिति रहेगी। बैठक में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। चिल्ड्रन पार्क में आयोजित समारोह में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक परेड, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक नृत्य एवं झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम को और रोचक बनाने के उद्देश्य से प्रशासन एवं पत्रकारों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे आपसी समन्वय और सौहार्द का संदेश जाएगा।

बैठक में कार्यपालक अभियंता, बांध प्रमंडल तेनुघाट, सीसीएल महाप्रबंधक शैलेश कुमार, डीवीसी बोकारो थर्मल के मुख्य अभियंता सह परियोजना प्रधान सुनील कुमार अरजरिया, अवर निबंधक तेनुघाट रितु रंजन कुमार, पीओ टीटीपीएस शिव नारायण मिश्रा सहित कई विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

इसके अलावा डिग्री कॉलेज तेनुघाट, तेनुघाट कॉलेज, जवाहर नवोदय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय तेनुघाट एवं पेटरवार के प्रतिनिधि सहित विकास कुमार, मनोज तिर्की, शंकर कुमार, रवि राय, विनीता कुमारी, अंजू कुमारी, कृष्ण कुमार रविदास, बीरेंद्र प्रसाद, सुभाष कटरियार, जीवन सागर सहित अनेक गणमान्य बैठक में शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *