रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में 16वीं जनगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 2 मई को संवाददाता सम्मेलन में इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न कराई जाएगी, जो इसे पहले से अधिक पारदर्शी और सटीक बनाएगी।
डीसी ने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में एक से 15 मई तक स्व-गणना (सेल्फ ऐनुमैरेशन) की सुविधा दी गई है, जिसमें नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद आगामी 16 मई से 14 जून तक मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) का कार्य किया जाएगा। वहीं अंतिम और मुख्य चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना को अत्याधुनिक तकनीक से जोड़ा गया है। इसके लिए एचएलओ एप और सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। इससे डेटा संग्रहण और सत्यापन में तेजी आएगी और त्रुटियों की संभावना कम होगी।
उपायुक्त ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि सभी बोकारो जिलावासी सही और सटीक जानकारी दें तथा प्रगणकों का पूरा सहयोग करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनगणना से संबंधित सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं के निर्माण व क्रियान्वयन के लिए किया जाएगा।
ज्ञात हो कि, जनगणना 2027 को लेकर बोकारो जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और इसे सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई है।
![]()













Leave a Reply