Advertisement

गांव-गांव पहुंचेगी पुलिस, जनता की समस्याएं सुनेगी सरकार-हेमंत सोरेन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड सरकार अब पुलिस व्यवस्था को और अधिक जनोन्मुखी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद राज्य में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गांव-गांव जाकर ग्राम सभा के माध्यम से सीधे आमजनों की समस्याएं सुनेंगे।

सीएम के इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करना, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना तथा पुलिस और आम जनों के बीच भरोसे को और सशक्त करना है। सरकार की नई पहल के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से ग्राम सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें स्थानीय पुलिस पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि शामिल होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे। गांव स्तर पर भूमि विवाद, आपसी विवाद, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशाखोरी, सामाजिक अपराध और अन्य जन समस्याओं पर सीधे संवाद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार चाहती है कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था न रहकर जनता की मित्र बने। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार रहिवासी अपनी समस्या थाने तक नहीं पहुंचा पाते, ऐसे में पुलिस और प्रशासन खुद गांव पहुंचकर उनकी बात सुनेगा और समाधान सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि आम जनता और पुलिस के बीच दूरी कम हो। ग्राम सभा के माध्यम से आमजन को अपनी बात रखने का अवसर मिले और छोटी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा सके। इससे आमजनों का विश्वास भी बढ़ेगा और अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

सरकारी सूत्रों के अनुसार इस अभियान के तहत प्रत्येक थाना क्षेत्र में तय कार्यक्रम के अनुसार गांवों में बैठकें आयोजित होंगी। पुलिस अधिकारियों को आमजनों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता को लेकर विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। ग्रामीणों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि पुलिस और प्रशासन गांव तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे तो आम जन को काफी राहत मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और आमजनों का प्रशासन पर भरोसा भी बढ़ेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *