Advertisement

रामनवमी शांतिपूर्ण संपन्न होने पर सम्मानित होंगे शांति समिति के सदस्य-रोहित

प्रहरी संवाददाता/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो थाना क्षेत्र में भक्ति और उत्साह के साथ रामनवमी का पावन त्यौहार संपन्न होने के उपरांत पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले स्थानीय नागरिकों को प्रोत्साहित करने की तैयारी में है।

बेरमो थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह ने घोषणा की है कि रामनवमी के सफल और शांतिपूर्ण समापन के बाद क्षेत्र के शांति समिति के सदस्यों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। थाना प्रभारी सिंह ने शांति समिति के सदस्यों की सक्रियता की सराहना करते हुए 24 मार्च को कहा कि क्षेत्र की कानून-व्यवस्था बनाए रखने में इनकी भूमिका अति महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने उल्लेख किया कि बीते विधानसभा चुनाव और नगर परिषद फुसरो के चुनाव के दौरान इन सदस्यों ने प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। इसके अतिरिक्त हाल ही में संपन्न ईद और सरहुल जैसे महत्वपूर्ण त्यौहारों को भी पूरी तरह शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में इन सदस्यों का विशेष योगदान रहा है। इन सदस्यों के इसी समर्पण और नि:स्वार्थ सेवा को देखते हुए पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारियों द्वारा इन्हें विधिवत सम्मानित करने का कार्य किया जाएगा।

इंस्पेक्टर रोहित ने वर्तमान रामनवमी के आयोजनों को लेकर भी शांति समिति के सदस्यों से विशेष अपील की है। उन्होंने अनुरोध किया है कि सभी सदस्य अपनी देखरेख में रामनवमी के त्यौहार को पूरी तरह भक्तिमय और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन इन नागरिकों के सहयोग के लिए सदैव आभारी रहा है और भविष्य में भी इसी तरह के सामुदायिक समन्वय की अपेक्षा रखता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *