ओपी क्षेत्र के 9 जगहों पर होगी ईद की नमाज
ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। आगामी 28 मई को बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर 24 मई को बोकारो जिला के हद में तेनुघाट ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ओपी प्रभारी भजन लाल महतो ने की। इसमें तेनुघाट ओपी क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
आयोजित शांति समिति की बैठक में बताया गया कि तेनुघाट ओपी क्षेत्र में कुल 9 जगहों पर ईद-उल-जहा की नमाज अदा की जाएगी। सभी जगहों पर सुबह 7 से 8 बजे के बीच नमाज पढ़ने पर सहमति बनी।
बकरीद कुर्बानी का त्योहार-आफताब आलम
इस अवसर पर उपस्थित गोमिया के अंचल अधिकारी (सीओ) आफताब आलम ने कहा कि बकरीद मुस्लिम समुदाय का मुख्य त्योहार है, जो कुर्बानी का संदेश देता है। उन्होंने निर्देश दिया कि बकरीद पर सिर्फ बकरे की ही कुर्बानी दी जाए। कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों को अपने क्षेत्र या बगानों में गड्ढा खोदकर दफन करें। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से पूरी तरह परहेज करें। सभी रहिवासी कानून व्यवस्था के दायरे में रहकर त्योहार मनाएं।
दिवाली-होली की तरह मिठास बनाए रखें-बीडीओ
गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महादेव महतो ने कहा कि जिस तरह दिवाली और होली में आपसी भाईचारा और मिठास बनी रहती है, उसी तरह बकरीद भी शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तैयार है।
स्वागत भाषण एवं धन्यवाद ज्ञापन देते हुए ओपी प्रभारी भजन लाल महतो ने सभी समुदाय के अमन पसंद रहिवासियों से एक-दूसरे का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का संदेह या अफवाह फैले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।
मंच संचालन अधिवक्ता बीरेंद्र प्रसाद ने किया। वहीं गोमिया के पुलिस निरीक्षक जीतेन्द्र कुमार ने कहा कि ईद का त्योहार भी सभी त्योहार की तरह शांति पूर्ण सम्पन्न हो जाएगा। सभी समुदाय एक दूसरे से मिलकर रहते हैं और हर त्योहार में एक दूसरे को मदद करते हैं।
बैठक में उपरोक्त के अलावा एसआई मनोज तिर्की, मुखिया पति संतोष श्रीवास्तव, उलगड्डा पंचायत के मुखिया अरविंद मुर्मू, रितु कुमारी, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष लालबहादुर शर्मा, जगदीश सिंह, रामचंद्र यादव, रिजवान अंसारी, राजेश कुमार, जयलाल कमार, झरी तुरी, अख्तर अंसारी, सेवालाल गंझू, मिथुन चंद्रवंशी, फागू करमाली, इम्तियाज अंसारी, मोहम्मद सईद अंसारी, सदर चटनियां बागी, दलाल टोला साड़म सहित दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply