गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में पातेपुर विधानसभा क्षेत्र से बिहार विधानसभा के लिए हुए इस बार के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के लखेंद्र कुमार रोशन विधायक निर्वाचित किए गये हैं। संपन्न विधानसभा चुनाव में वैशाली जिले के आठ विधानसभा क्षेत्र में से 7 विधानसभा क्षेत्र पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का कब्जा रहा है।
ज्ञात हो कि, वैशाली जिले का पातेपुर विधानसभा क्षेत्र समस्तीपुर जिला के हद में उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ता है, जहां से केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय सांसद हैं। लखेंद्र कुमार रोशन केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के काफी नजदीक भी बताए जाते हैं तथा वे अपने क्षेत्र में हमेशा जनता के बीच पाए जाते रहे हैं। पातेपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर मंत्री बनें लखेंद्र कुमार रौशन के राजनीतिक जीवन की शुरुआत वैशाली जिला के हद में जंदाहा प्रखंड के जिला पार्षद क्षेत्र क्रमांक 28 से हुई थी।
वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार के रूप में पातेपुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। उस वक्त उन्होंने राजद उम्मीदवार पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम को पराजित किया था। वहीं इस वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में राजद उम्मीदवार पूर्व विधायक प्रेमा चौधरी को उन्होंने 22380 मतों के अंतर से पराजित कर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की।
लगातार दूसरी जीत के साथ लखेंद्र कुमार रौशन पातेपुर विधानसभा में भाजपा के मजबूत जनाधार का प्रतीक बनकर उभरे हैं। इनके मंत्री बनने का वैशाली और उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र पर गहरा प्रभाव पड़ेगा, ऐसा राजनीतिक समीक्षकों का मानना है।
![]()













Leave a Reply