कार्यशाला में राष्ट्रपति व राज्य पुरस्कार को लेकर विशेष फोकस
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे (ईस्ट सेंट्रल रेलवे) के हद में सोनपुर रेल मंडल भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ सोनपुर के तत्वावधान में तीन दिवसीय जिला स्तरीय स्काउट-गाइड कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला में स्काउट, गाइड, कब और रोवर के प्रतिभागी पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को व्यावहारिक कौशल में निपुण बनाकर उन्हें तृतीय चरण, तृतीय सोपान, राज्य पुरस्कार तथा प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुरस्कार जैसी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। आयोजित कार्यशाला में विभिन्न इकाइयों से कुल 103 प्रतिभागी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, जिनमें 85 प्रशिक्षार्थी और 18 यूनिट लीडर शामिल हैं।
प्रशिक्षण के अंतर्गत विभिन्न पुरस्कार वर्गों के लिए प्रतिभागियों को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। इनमें तृतीय चरण (कब) के 12, तृतीय सोपान (स्काउट) के 16, राज्य पुरस्कार (स्काउट/गाइड) के 51 तथा राष्ट्रपति पुरस्कार के 6 प्रतिभागी सम्मिलित हैं।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें मुख्य रूप से ध्वज शिष्टाचार और स्काउटिंग की मूल भावना, गांठें एवं बंधन, प्राथमिक उपचार और पायनियरिंग, कैंप क्राफ्ट और मानचित्र अध्ययन, नेतृत्व विकास, अनुशासन और सेवा कार्य शामिल है।
प्रशिक्षण का प्रत्येक सत्र प्रतिभागियों में आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर केंद्रित है। यह कार्यशाला सारण जिला आयुक्त (स्काउट) सह वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी दिलीप पासवान के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। वहीं, कार्यशाला को सफल बनाने में जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) सुमीत कुमार सिंह, जिला सचिव मनीष ठाकुर और वर्कशॉप कैंप चीफ मनीष राज महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इनके साथ 18 यूनिट लीडर पूर्ण समर्पण के साथ युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दे रहे हैं।
जिला संघ सोनपुर का यह प्रयास केवल पुरस्कार परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवाओं में आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय चरित्र और सेवा भावना का विकास करना है। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को स्काउटिंग के मूल मंत्र सदैव तैयार को जीवन में अपनाते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयोजकों को विश्वास है कि यह कार्यशाला भविष्य में इन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगी।
![]()













Leave a Reply