राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के बोकारो थर्मल प्लांट तकनीकी भवन स्थित सम्मेलन कक्ष में 26 मार्च को एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार राजभाषा कार्यान्वयन उप समिति के तत्वावधान में विभाग द्वारा राजभाषा हिंदी का प्रयोग केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि संवैधानिक दायित्व है विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीवीसी बोकारो थर्मल के मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया, महाप्रबंधक मानव संसाधन अलेक्जेंडर कुजूर, प्रबंधक (मा.सं.) संज्ञा दास, कार्यपालक (राजभाषा) रवि कुमार सिन्हा तथा प्रभारी (राजभाषा) अंकित राज की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कार्यपालक (राजभाषा) रवि कुमार सिन्हा ने विषय पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालते हुए राजभाषा हिंदी के व्यावहारिक प्रयोग, कार्यालयीन कार्यों में इसकी उपयोगिता तथा संवैधानिक प्रावधानों की सरल एवं सहज व्याख्या की। उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का संतोषजनक समाधान भी किया।

मुख्य अतिथि सुशील कुमार अरजरिया ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी का प्रयोग केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर इसे दैनिक कार्यालयीन कार्यों में अपनाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे राजभाषा नीति के अनुरूप अधिकाधिक कार्य हिंदी में करें, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता बढ़े। महाप्रबंधक (मा.सं.) अलेक्जेंडर कुजूर ने कहा कि राजभाषा हिंदी का सशक्त प्रयोग संगठन की कार्य कुशलता को बढ़ाने के साथ-साथ कर्मचारियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में भी सहायक है। उन्होंने सभी को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला का संचालन दीनानाथ शर्मा द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम के आयोजन एवं सफलता में सहायक ग्रेड वन तारकेश्वर प्रसाद जैसवारा का सराहनीय योगदान रहा।
बताया जाता है कि कार्यशाला के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
![]()













Leave a Reply