रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय मुरहुलसुदी में 28 मार्च को लोक भागीदारी कार्यक्रम के तहत विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष दुखन राम महतो ने की।
इस दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को मजबूत करने, अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में इस वर्ष परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा एक से 8 तक के तीन-तीन बच्चों को कॉपी एवं पेन देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर प्रधानाचार्य चंद्रभूषण कपरदार ने विद्यालय में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों को स्मार्ट क्लास एवं कंप्यूटर की शिक्षा निःशुल्क दी जा रही है, ताकि वे भविष्य में तकनीकी क्षेत्र में अपना मुकाम बना सकें। कार्यक्रम में अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं, जिससे बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अध्यक्ष दुखन राम महतो, रेखा देवी, रुकमणी देवी, मालती देवी, ललिता देवी, हलधर महतो, बबिता देवी, रबिता देवी, नामिता देवी, प्रधानाचार्य चंद्रभूषण कपरदार, संदीप कुमार महतो, वीरेन सिंह मुंडा, नरेश कुमार महतो, विजय दास, सुशील कुमार, आशुतोष कुमार, प्रदीप कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य कपरदार ने बताया कि आज के दौर में तकनीकी शिक्षा बेहद जरूरी हो गई है। हमारा प्रयास है कि गांव के हर बच्चे को भी शहरों की तरह आधुनिक शिक्षा का लाभ मिल सके। इसी उद्देश्य से विद्यालय में स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर शिक्षा की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क की गई है। कहा कि हम चाहते हैं कि यहां के बच्चे तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपने भविष्य को मजबूत बनाएं। इसके लिए अभिभावकों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है, क्योंकि जब स्कूल और परिवार दोनों मिलकर प्रयास करेंगे, तभी बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव हो पाएगा।
अध्यक्ष दुखन राम महतो ने कहा कि विद्यालय के विकास में अभिभावकों और समाज की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। आज की बैठक का उद्देश्य भी यही है कि हम सभी मिलकर बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए काम करें। कहा कि विद्यालय में जो सुविधाएं दी जा रही हैं, उसका लाभ हर बच्चे तक पहुंचे, यह हमारी जिम्मेदारी है। हम सभी अभिभावकों से अपील करते हैं कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और विद्यालय के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि हमारे बच्चे आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।
![]()













Leave a Reply