कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेसवे निर्माण में लगे वाहनों पर रोक, बंद से यात्री वाहन मुक्त
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार क्षेत्र में 24 मई को ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए मालवाहक वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप्प कर दिया। हालांकि इस आंदोलन के दौरान यात्री वाहनों को पूरी तरह से मुक्त रखा गया, जिससे आम राहगीरों को आवागमन में अधिक परेशानी नहीं हुई।
ग्रामीणों का यह आंदोलन मुख्य रूप से कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य में लगे भारी मालवाहक वाहनों के खिलाफ था। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन वाहनों के लगातार और अनियंत्रित परिचालन से क्षेत्र की सड़कों की स्थिति खराब हो रही है और आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पर रहा है।
आंदोलनकारी ग्रामीणों ने बोकारो जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में लगे वाहनों के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाएं। प्रमुख मांगों में सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, स्कूल समय के दौरान मालवाहक वाहनों का परिचालन रोकना तथा वाहनों के लिए निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन कराना शामिल है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लगातार आवाजाही के कारण क्षेत्र में धूल प्रदूषण बढ़ गया है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर असर पर रहा है। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।
स्थानीय रहिवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देता है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।
![]()













Leave a Reply