Advertisement

फाइलेरिया मरीजों के बीच एमएमडीपी किट वितरण, बीमारी नियंत्रण के प्रति जागरूकता

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमार में 18 जून को चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रेखा कुमारी की उपस्थिति में फाइलेरिया से ग्रसित मरीजों के बीच एमएमडीपी किट का वितरण किया गया।

इस अवसर पर मरीजों को फाइलेरिया रोग की रोकथाम एवं प्रभावित अंगों की देखभाल के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

डॉ रेखा ने बताया कि फाइलेरिया एक ऐसी बीमारी है, जो एक बार होने पर पूरी तरह समाप्त नहीं की जा सकती, लेकिन नियमित देखभाल और उचित उपचार से इसे काफी हद तक नियंत्रित रखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि एमएमडीपी किट में टब, जग, तौलिया, साबुन, क्रीम एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। यदि मरीज प्रतिदिन प्रभावित अंगों की सफाई और देखभाल के लिए इस किट का उपयोग करें, तो बीमारी के दुष्प्रभावों को काफी कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान एमटीएस शैलेश ठाकुर एवं पिरामल फाउंडेशन के साहिल कुमार गुप्ता ने एमएमडीपी किट के उपयोग का प्रदर्शन करते हुए मरीजों को इसके सही इस्तेमाल की जानकारी दी। वहीं एमपीडब्ल्यू अविनाश रंजन ने जून 2026 के मलेरिया रोधी माह के अवसर पर उपस्थित रहिवासियों को वेक्टर जनित रोगों (वीबीडी) से बचाव एवं नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी।

बीपीएम बंकिम चंद्र महतो ने आगामी 28 जून से शुरू होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए उपस्थित रहिवासियों से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर दंत चिकित्सक (डेंटिस्ट) डॉ जितेंद्र कुमार, प्रखंड लेखा प्रबंधक आलोक झा, एमपीडब्ल्यू अविनाश रंजन, धर्मनाथ मेहता, अमित विक्रम, हरिंदर कुमार, कुलदीप कुमार, कविता कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं लाभुक उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *