Advertisement

सीएचसी पेटरवार में ऑपरेशन थिएटर का मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने किया उद्घाटन

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो। बोकारो जिला के हद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेटरवार में नवनिर्मित ऑपरेशन थिएटर का विधिवत शुभारंभ 10 जनवरी को किया गया। उद्घाटन झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने किया।

इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि जनता को उनके ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है, ताकि आम रहिवासियों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। कहा कि ऑपरेशन थिएटर के शुरु होने से पेटरवार एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अब सर्जरी जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र में इलाजरत मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करने का निर्देश दिया। कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाएं गांव-गांव तक पहुंचे। पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन थिएटर की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा मिलेगी।

मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉ कुंदन राज, बीडीओ संतोष कुमार महतो, सीओ अशोक राम, थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा,बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार महतो, जिप सदस्य प्रह्लाद महतो एवं कई चिकित्सक व् स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *