Advertisement

सीसीएल मुख्यालय रांची में रिफार्म-ट्रांसफार्म-परफॉर्म-इन्फॉर्म विषय पर बैठक

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय मंथन सभागार में 26 मई को कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) ब्रजेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्रशेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सीएमडी सीसीएल निलेंदु कुमार सिंह द्वारा सीआईएल के सीवीओ ब्रजेश कुमार त्रिपाठी को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ की गयी। इसके पश्चात कोल इंडिया कॉरपोरेट गीत प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर स्वागत भाषण देते हुए सीसीएल के सीवीओ पंकज कुमार ने सीवीओ सीआईएल त्रिपाठी के सीसीएल आगमन पर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि सीआईएल सीवीओ मंत्रालय और कंपनी के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी कोल इंडियंस कॉरपोरेट लक्ष्यों को पूरा करने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

सीएमडी सीसीएल निलेंदु कुमार सिंह ने सीआईएल के सीवीओ का आभार व्यक्त करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में सीसीएल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने वन भूमि स्वीकृति, नई खदानों के विकास तथा दशकों से बंद खदानों को पुनः शुरू करने में मिली सफलता का उल्लेख किया। उन्होंने आईसीसीसी प्रणाली का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से कोयला परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता एवं निगरानी को मजबूती मिली है तथा कोयला ढुलाई पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सका है।

उन्होंने कोयला क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी, कंपनी की वित्तीय उपलब्धियों, इको पार्क, सोलर पावर प्लांट, सीसीएल के लाल और सीसीएल की लाडली, जेएसएसपीएस एवं माइंस टूरिज्म जैसी पहलों की जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने कोल क्वालिटी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सीसीएल को पूरे कोल इंडिया में प्राप्त अवार्ड की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सीआईएल के सीवीओ ब्रजेश कुमार त्रिपाठी का रिफार्म-ट्रांसफार्म-परफॉर्म-इन्फॉर्म विषय पर मुख्य उद्बोधन रहा। उन्होंने कहा कि सभी कोल इंडियंस ही वास्तविक सतर्कता अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि विजिलेंस इज फोर यू, बाई यू, विजिलेंस इज विथ यू ऑलवेज। उन्होंने कहा कि कंपनी की प्रगति तभी संभव है जब प्रबंधन, कंपनी और कर्मचारियों का लक्ष्य एक समान हो। उन्होंने साइबर सुरक्षा, छवि निर्माण तथा गुणवत्ता सुधार पर विशेष बल दिया। कहा कि हरेक काम में सतर्कता है और सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी है।

कोल इंडिया परिवार की सराहना करते हुए सीवीओ त्रिपाठी ने कहा कि पहले कहा जाता था जो जीता वही सिकंदर, लेकिन आज समय है जो जीता वही कोल इंडियंस का। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इंटेग्रीटी प्रॉमिस भी दिलाया। कार्यक्रम के अंत में सीएमडी, द्वारा त्रिपाठी को स्मृति चिह्न भेंट किया गया।

धन्यवाद ज्ञापन निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने किया। उन्होंने सीआईएल के सीवीओ के प्रेरणादायी विचारों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विजिलेंस का लक्ष्य वही है जो कंपनी का लक्ष्य है। कहा कि सीसीएल समय-समय पर इस प्रकार के संवादात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है, ताकि कंपनी के सभी कोल योद्धाओं में सतर्कता, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं कार्यकुशलता की भावना और अधिक सुदृढ़ हो तथा वे संगठन के लक्ष्यों एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय एवं सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित कर सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *