Advertisement

थर्ड डिग्री टार्चर के आरोपी थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग को ले माले ने निकाला जुलूस

मांग पूरा नहीं तो कर्पूरीग्राम में मुख्यमंत्री के समक्ष भाकपा माले उठाएगी मुद्दा-सुरेंद्र

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर के ज्वेलरी दुकान में काम करनेवाले स्थानीय रहिवासी मनीष पोद्दार को थर्ड डिग्री टार्चर करने के आरोपी पुलिस-थानाध्यक्ष को बर्खास्त करने, अंचल के राजस्व कर्मचारी राॅबिन ज्योति द्वारा घूस लेते वायरल विडियो की जांच कर आरोपी को बर्खास्त करने, बंगरा थाना के बहादुरनगर में कथित जहरीली शराब पीने से पिता-पुत्र की मौत मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने आदि मांगों को लेकर भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने 10 जनवरी को ताजपुर में न्याय मार्च निकाला। न्याय मार्च निकालकर सभा की और पीड़ित मनीष पोद्दार को न्याय देने की मांग की।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाकपा माले कार्यकर्ता ताजपुर बाजार क्षेत्र के अस्पताल चौक पर एकत्रित होकर हाथों में झंडे, बैनर एवं मांगों से संबंधित नारे लिखे तख्तियां लेकर अस्पताल चौक से न्याय मार्च निकाला। न्याय मार्च नारा लगाते बाजार के मुख्य सड़कों का भ्रमण करते हुए पुनः अस्पताल चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की।

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले जिला कमिटी सदस्य सह खेग्रामस के जिला सचिव जीबछ पासवान ने कहा कि भाजपा-जदयू की नीतीश कुमार की तथाकथित सुशासन की सरकार में पुलिस बेलगाम है। ताजपुर पुलिस संदेह के आधार पर दुकान कर्मी, उसकी पत्नी एवं पिता को उठाकर हाजत में बंद कर देती है। उन्हें बेतहाशा पीटा जाता है। कर्मी मनीष को कथित तौर पर मलद्वार में सिरिंज से पेट्रोल डाला जाता है और मलद्वार में डंडा घूसेरा जाता है। कानून को ताक पर रख कर 5 दिनों तक हाजत में रखा जाता है। बेहोश होने पर इलाज कराया जाता है। पासवान ने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई मानवता को शर्मशार करने वाली घटना है। इस घिनौनी कार्रवाई के आरोपी पुलिस-थानाध्यक्ष को बर्खास्त किये जाने तक भाकपा माले का आंदोलन जारी रहेगा।

भाकपा माले जिला कमिटी सदस्य सह खेग्रामस समस्तीपुर जिलाध्यक्ष उपेंद्र राय ने कहा कि ताजपुर अंचल के राजस्व कर्मचारी राॅबिन ज्योति द्वारा घूस लेते विडियो वायरल हुआ। कहा कि इस पर कारवाई होना चाहिए, लेकिन उल्टे आरोपी अंचल कर्मी को बचाया जा रहा है। यह अन्याय है और इस अन्याय के खिलाफ भाकपा माले समस्तीपुर के जिलाधिकारी के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेगी।

भाकपा माले प्रखंड सदस्य सह किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह एवं खेग्रामस के प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने कहा कि बंगरा थाना क्षेत्र के बहादुरनगर में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से पिता-पुत्र की मृत्यु होना बताया जा रहा है। जरूरी है सच्चाई को सामने लाकर भविष्य में जहरीली शराब से मौत न हो, इसकी व्यवस्था करने का। बावजूद इसके उल्टे शराब कारोबारी को बचाने की कोशिश की जा रही है। यह जन विरोधी कार्रवाई है और भाकपा माले कथित जहरीली शराब से पिता-पुत्र की मौत की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर तत्काल कारवाई की मांग करती है।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि यदि मांग पूरा नहीं किया जाता है तो आगामी 24 जनवरी को मुख्यमंत्री के कर्पूरीग्राम आगमन पर भाकपा माले मुख्यमंत्री के समक्ष इन मांगों को लेकर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपने का काम करेगी। इस अवसर पर भाकपा माले नेता आसिफ होदा, राजदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो, संजीव राय, मो. एजाज, चांद बाबू, मो. नौशाद, मो. शाद, सुनील कुमार शर्मा, मनोज साह, दिनेश प्रसाद सिंह, महावीर सिंह, मो. शकील, राॅकी खान आदि ने भी सभा को संबोधित किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *