Advertisement

रामनवमी जुलूस बाद खेतको में बड़ा हादसा: हाई टेंशन की चपेट में आए 6 रामभक्त घायल

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र के खेतको मे रामनवमी के अवसर पर जहां पूरा क्षेत्र भक्ति और उत्साह में डूबा हुआ था, वहीं एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

जानकारी के अनुसार, खेतको में रामनवमी जुलूस की समाप्ति के बाद अखाड़ा परिसर में धार्मिक ध्वज (झंडा) स्थापित करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बताया जाता है कि झंडा खड़ा करते समय पास से गुजर रही 1,32,000 वोल्ट क्षमता की हाई टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। जैसे ही झंडा तार से छुआ, तेज करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में वहां मौजूद कई रामभक्त आ गए। इस घटना में 6 रामभक्त गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर उपस्थित पेटरवार प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शब्बीर अंसारी, खेतको मुखिया अनवरी खातून, समाजसेवी कपील नायक ने स्थानीय रहिवासियों के सहयोग से तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल डिवीसी कद बोकारो थर्मल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि इस तरह के आयोजनों के दौरान बिजली के तारों और अन्य संभावित खतरों से सतर्क रहें। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं रहिवासियों ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *