जिले में आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद, पठन-पाठन प्रभावित
गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। पुरा बिहार प्रांत सहित वैशाली जिले में हाड़ कंपाने वाली ठंड और शीतलहर से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मौसम विभाग ने एक बार फिर ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है और अगले दो से तीन दिनों तक राहत की संभावना नहीं जताई है।
वहीं, बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए वैशाली के जिला पदाधिकारी (डीएम) ने बड़ा निर्णय लेते हुए जिले में कक्षा आठवीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को आगामी 11 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार वैशाली जिले में तापमान लगातार गिर रहा है। जिले का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
ठंड बढ़ने के साथ ही ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया है, वहीं शहरी क्षेत्रों में ठंड और शीतलहर की दोहरी मार से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भीषण ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए पूरे जिले में कक्षा आठवीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के पठन-पाठन पर आगामी 11 जनवरी तक रोक लगा दी है। वहीं, कक्षा नौवीं से ऊपर की कक्षाओं के लिए निर्देश जारी किए गए हैं कि शिक्षण कार्य सुबह 10 बजे के बाद शुरू किया जाए और दोपहर 3 बजे से पहले समाप्त कर दिया जाए।
इधर ठंड से बचाव के लिए जिले के नगर परिषद और नगर पालिका क्षेत्र में प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था की गई है। साथ ही गरीब तबके के रहिवासियों के बीच प्रशासन व सामाजिक संगठनों द्वारा कंबल वितरण किया जा रहा है। नगर परिषद हाजीपुर की सभापति संगीता कुमारी ने नप क्षेत्र के लगभग 500 सफाई कर्मियों के बीच कंबल वितरण की है।
![]()













Leave a Reply