रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दांतू स्थित खेलांडी मंदिर परिसर में आगामी 7 मई से 15 मई तक श्रीश्री 108 लक्ष्मीनारायण महायज्ञ सह राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है।
नौ दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और यज्ञ समिति द्वारा सभी तैयारियां अंतिम चरण में है।
महोत्सव की शुरुआत आगामी 7 मई को जल यात्रा, मंडप प्रवेश, पूजन-पाठ एवं संध्या आरती के साथ होगी। इसके बाद 8 मई से 14 मई तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से वेदी पूजन, हवन, आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ-साथ संध्या आरती और रात्रि प्रवचन का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान विशेष रूप से आगामी 14 मई को श्रीराम दरबार मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा पूर्वाह्न 11 बजे संपन्न होगी, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा। वहीं अंतिम दिन 15 मई को वेदी पूजन, हवन पूर्णाहुति, कन्या पूजन, भव्य भंडारा एवं ब्राह्मण विदाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन रात 8 बजे से भक्ति जागरण का भी आयोजन रखा गया है।
बताया जाता है कि इस धार्मिक आयोजन में विख्यात कथावाचिका देवी ज्योति शास्त्रीजी की उपस्थिति भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। यज्ञाचार्य के रूप में आचार्य अंजनी शरण शास्त्री अपनी सेवाएं देंगे।
यज्ञ समिति दांतू ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें। आयोजन समिति के अनुसार यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण को भी सुदृढ़ करेगा।
![]()













Leave a Reply