कलयुग में मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म एवं कर्तव्य नहीं है-रोहित कुमार
सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में किरीबुरू पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आम जनों एवं राहगीरों के लिए स्वच्छ पेयजल की विशेष व्यवस्था की है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सेंडल चौक, सेंडल मोड़, पुलिस चेक पोस्ट, सड़क किनारे तथा थाना परिसर में ठंडा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया गया है, ताकि गर्मी से परेशान रहिवासियों को राहत मिल सके। किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार की अध्यक्षता में थाना परिसर में आरओ का स्वच्छ एवं ठंडा पानी आम जनों के लिए उपलब्ध कराया गया है।
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने 24 मई को भेंट में कहा कि कोई भी इंसान बिना किसी संकोच के थाना पहुंचकर पानी पी सकता है। कहा कि पुलिस का उद्देश्य इस भीषण गर्मी में आमजनों को राहत पहुंचाना और मानव सेवा का संदेश देना है। कहा कि इस कलयुग में मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म एवं कर्तव्य नहीं है।
ज्ञात हो कि थाना क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर मिट्टी के घड़ों में ठंडा एवं स्वच्छ पानी रखा गया है। राहगीर, वाहन चालक, मजदूर एवं आम जन अपनी सुविधा अनुसार रुककर पानी पी रहे हैं। इस पहल से राहगीरों तथा रहिवासियों को तपती गर्मी में काफी राहत मिल रही है। स्थानीय रहिवासियों ने किरीबुरू पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। किरीबुरू मुखिया पार्वती किरो ने पुलिस प्रशासन की तहे दिल सें मानवीय सेवा के लिए प्रशंसा की है।
![]()













Leave a Reply