प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। झारखंड राज्य विधिक प्राधिकरण के निर्देश पर आमजनों में कानूनी साक्षरता और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 90 दिवसीय व्यापक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इसका शुभारंभ 3 मई को झारखंड के धनबाद में प्रभात फेरी निकाल कर किया गया। प्रभात फेरी में धनबाद के प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा दुर्गेश चंद्र अवस्थी के नेतृत्व में सिविल कोर्ट धनबाद से निकलकर रणधीर वर्मा चौक तक गई। इसके बाद प्रभात फेरी वहां से वापस सिविल कोर्ट लौटी।
इस अवसर पर न्यायाधीश अवस्थी ने कहा कि 90 दिनों तक न्यायिक पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम हर एक क्षेत्र में जाकर कानूनी जागरूकता फैलाएगी। उन्होंने कहा कि नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, डायन बिसाही मामले को लेकर हेल्पलाइन नंबर 181 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबर के विषय में आमजनों को बताया जाएगा। आम जनों से अपील की कि इन हेल्पलाइन नंबर पर एक बार जरूर कॉल करें और जानने का प्रयास करें कि यह काम करता है या नहीं।
कार्यक्रम के विषय में जानकारी देते हुए अपर न्यायाधीश सह सचिव डालसा मयंक तुषार टोपनो ने कहा कि इस 90 दिनो के कार्यक्रम के दौरान न्यायिक पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम जिसमें लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम की टीम, एनजीओ, पैनल अधिवक्ता, पीएलवी शामिल हैं। डोर टू डोर जाकर आम रहिवासियों को कानून व विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी देंगे।
साथ ही विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच वाद-विवाद, निबंध, पेंटिंग, भाषण, प्रभात फेरी आदि का आयोजन किया जाएगा। कहा कि बाल विवाह, साइबर ठगी, ड्रग, डायन बिसाही, बाल मजदूरी आदि के बारे आमजनों को जागरूक किया जाएगा। महिला, दिव्यांगजन, एसटी-एससी, वृद्धजन आदि की मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पीएलवी एक दूसरे के सहयोग से कार्य को पूरा करेंगे। कहा कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रहिवासियों में जागरूकता लाने का प्रयास किया जाएगा।
मौके पर अपर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय ए मोईज, जिला एवं सत्र न्यायाधीश पारस कुमार सिन्हा, प्रफुल्ल कुमार, कुमार साकेत, बिकेश, अवर न्यायाधीश निर्मला बारला, समा रोशनी कुल्लू, परमानंद उपाध्याय, संतोषिनी मुर्मु, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी अभिजीत पांडेय, रेलवे के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी मनोज कुमार, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी ऋषि कुमार, शिवानी शर्मा, अर्पिता नारायण सहित न्यायिक पदाधिकारी, एलएडीसीएस प्रमुख कुमार विमलेंदु, उप प्रमुख अजय कुमार भट्ट, सहायक कांउसिल नीरज गोयल, शैलेन्द्र झा, सुमन पाठक, कन्हैया लाल ठाकुर, डालसा सहायक अरुण कुमार, सौरव सरकार, राजेश सिंह, एनसीसी पांचवीं वाहिनी टीम, मीडिएशन अधिवक्ता टीम, पारा लीगल वालंटियर समेत दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply