अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। रामनवमी के अवसर पर सारण जिला में सामान्य विधि व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में
में जिला समाहरणालय सभागार में 24 मार्च को जिला स्तरीय शान्ति समिति की बैठक की गयी।
शांति समिति की बैठक में सभी उपस्थित सदस्यों से उनके पुराने अनुभवों के आधार पर एक -एक कर फ़ीडबैक लिया गया। सदस्यों द्वारा काफी महत्वपूर्ण फीडबैक दिया गया। शोभा यात्रा मार्ग में कुछ स्थल पर सड़क की सफाई एवं मरम्मती, पेड़ की डालियों की छटनी एवं बिजली के तार को दुरुस्त करने को लेकर जानकारी दी गई। इस संबंध में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
डबल डेकर मार्ग का जो खंड शोभा यात्रा मार्ग में आता है, उस खंड में तमाम निर्माण सामग्रियों एवं मलवा को ससमय हटाने, मार्ग को समतल करने एवं पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने का निर्देश पुल निर्माण निगम के अभियंता को दिया गया। शोभायात्रा मार्ग में बिजली एवं अन्य तारों का सत्यापन कर आवश्यकतानुसार उचित ऊंचाई पर करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति को दिया गया।

निर्माणाधीन खुले नाले को तत्काल कवर करने का निर्देश बुडको को दिया गया। कहा गया कि शोभायात्रा रूट में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नगर निगम सुनिश्चित करेगा। मद्य निषेध विभाग एवं पुलिस मद्य निषेध का प्रभावी मोनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करेंगे।
आगामी 27 मार्च को निकाली जायेगी रामनवमी शोभायात्रा
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में कहा गया कि रामनवमी के अवसर पर शोभायात्रा आगामी 27 मार्च को निकाली जायेगी। इसके लिये पूर्व से निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आयोजकों को ससमय लाइसेंस प्राप्त करने को कहा गया। सभी लाइसेंसधारको से लाइसेन्स की शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। यह भी निर्देश दिया गया कि निर्धारित समय अवधि के अनुरूप निर्धारित रुट से ही सभी आयोजक शोभायात्रा निकालें।
कहा गया कि सभी आयोजक वालंटियर्स की सूची अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएंगे तथा सभी वालंटियर्स को अपने स्तर से पहचान पत्र निर्गत करेंगे। फायर ब्रिगेड, अस्पताल एवं एम्बुलेंस सेवा को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया। कहा गया कि डीजे का उपयोग वर्जित है, इसका अनुपालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। कहा गया कि किसी भी तरह के अश्लील व भड़काऊ संगीत बजाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
कहा गया कि सभी जुलूस की सतत वीडियोग्राफी कराई जायेगी तथा ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी नजर रखी जायेगी। सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह का अफवाहजनक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जायेगी।
बैठक में महापौर नगर निगम छपरा लक्ष्मी नारायण गुप्ता, अपर समाहर्त्ता मुकेश कुमार, अपर समाहर्त्ता विधि व्यवस्था प्रमोद कुमार पांडेय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर नितेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित थे। साथ हीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अन्य अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं शांति समिति के सदस्यगण जुड़े थे।
![]()













Leave a Reply