दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों के लिए यह शिविर लाभकारी-सीओ
एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में फुसरो के अग्रसेन भवन मे श्रीभगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के सहयोग से दिव्यांग जनों के लिए चार दिवसीय नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन 27 मार्च को सीसीएल ढ़ोरी क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) रंजय सिंहा और बेरमो सीओ संजीत कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जीएम और सीओ ने उक्त शिविर आयोजन को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के द्वारा लाखो दिव्यांग लाभान्वित हुए है और उनका जीवन पहले से आसान हुआ है। कहा गया कि ऐसी भौगोलिक परिस्थिति में रहने वाले रहिवासियों के लिए ऐसे शिविर का आयोजन और भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है। समिति के कार्य की सराहना करते हुए कहा गया कि दिव्यांग जनों का जीवन सुगम बनाना आसान काम नहीं है।
कहा गया कि भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के विशेषज्ञ सुदूर राजस्थान के जयपुर से शिविर का आयोजन करने यहां आए हैं, इस मानवतापूर्ण प्रयास के लिए विशेषज्ञों और पूरी टीम का वे अभिनंदन करते है। इस कैंप के माध्यम से जो दिव्यांगजन एवं वृद्धजन चल नहीं सकते, सुन नहीं सकते और कुछ काम नहीं कर सकते, ऐसे दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों के लिए यह शिविर लाभकारी होगा। यह एक बहुत ही सराहनीय पहल है। ऐसा कैंप का आयोजन बेरमो में निरंतर होना चाहिए।
अतिथियो ने दिव्यांगों के बीच ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी आदि का वितरण किया। बेरमो शाखा अध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि यह विशाल निःशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर आगामी 30 मार्च तक चलेगा। उन्होंने कहा कि शिविर में दिव्यांगों की जाँच के उपरांत उन्हें नि:शुल्क जयपुर फुट, कृत्रिम हाथ -पैर, कैलीपर्स, व्हील चेयर, ट्राई साइकिल, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), बैसाखी, छड़ी और अंधों की छड़ी (ब्लाइंड स्टिक) वितरित की जा रही हैं। कहा कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है।
शिविर के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा दिव्यांगजनों का परीक्षण एवं माप लिया जाएगा। जांच के पश्चात पात्र लाभुकों को कृत्रिम हाथ, कृत्रिम पैर, कैलिपर्स, श्रवण यंत्र, बैसाखी सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण पूर्णत निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। कहा कि शिविर में विशेष रूप से उन्हें लाभ दिया जाएगा, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और महंगे सहायक उपकरण प्राप्त करने में असमर्थ हैं। शिविर का उद्देश्य जरूरत मंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है।
उक्त शिविर के आयोजन मे समाजसेवी स्वर्गीय नानग रामजी की घर्म पत्नी मीरा देवी और उनके पुत्र मीनू अग्रवाल व संजय अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर अतिथि ढ़ोरी क्षेत्र के वरीय प्रबंधक मानव संसाधन सुरेश कुमार सिंह, समिति के सचिव नेमीचंद गोयल, मीडिया प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, वार्ड पार्षद रमेश स्वर्णकार व अशोक रवानी, डाॅ सुरेंद्र सिंह व डाॅ एस वी शर्मा सहित सुमित बंसल, विकास मित्तल, राम नरेश द्विवेदी, रामावतार कारिवाल, प्रमोद अग्रवाल, अमरेश कुमार जैन, दामोदर दास पेडीवाल, सतेंद्र शर्मा, संजीव त्रेहान, आलोक अग्रवाल, अनिल सर्राफ, राहुल कुमार गर्ग, विनोद गोयल, नंद लाल प्रसाद, मदन वरणवाल, राजेन्द्र मित्तल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply