Advertisement

पीरियड्स है तो हम हैं: स्वच्छ माहवारी, विद्यालय में स्वस्थ नारी जागरूकता कार्यक्रम

एस. पी. सक्सेना/मुजफ्फरपुर (बिहार)। माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर 28 मई को मुजफ्फरपुर जिला के हद में कुढ़नी प्रखंड के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दरियापुर कफेन में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जानकारी देते हुए सामाजिक कार्यकर्त्ता सह युवा कवियित्री सविता राज ने बताया कि विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं महिलाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया अनिता देवी, सी थ्री संस्था के जिला समन्वयक निलेश कुमार, सीएचओ पूजा कुमारी, विद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।

समाजसेविका सविता राज ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ की गयी। इस अवसर पर मुखिया अनिता देवी ने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। इसके प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को स्वच्छता अपनाने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

सीएचओ पूजा कुमारी द्वारा माहवारी के दौरान साफ-सफाई, सेनेटरी पैड के सही उपयोग, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। विद्यालय के शिक्षकों ने भी छात्राओं को नियमित स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया तथा स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। अंत में उपस्थित जनों ने माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम छात्राओं एवं महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *