रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन बोकारो जिला के हद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमार में 9 जनवरी को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। आयोजित स्वास्थ्य मेला में क्षेत्र के सैकड़ों रहिवासियों ने विभिन्न बीमारियों की जांच एवं उपचार की सुविधा का लाभ उठाया।
जानकारी के अनुसार आयोजित स्वास्थ्य मेले में सामान्य रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कसमार के अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि बीडीओ नम्रता जोशी, विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम, चिकित्सा प्रभारी डॉ नवाब उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रखंड के सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य मेला का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूर-दराज क्षेत्रों के रहिवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी नागरिक इलाज के अभाव में परेशान न हो। ऐसे आयोजनों से आम जनता को समय पर बीमारी की पहचान और उचित इलाज मिल पाता है। वे स्वास्थ्य विभाग के सभी डॉक्टरों, कर्मियों और जनप्रतिनिधियों को इस सफल आयोजन के लिए साधुवाद देते है।

कहा कि आगे भी इस तरह के कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए, ताकि समाज स्वस्थ और सशक्त बन सके। बीडीओ नम्रता जोशी ने कहा कि
स्वास्थ्य मेला जनकल्याणकारी योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे गरीब एवं जरूरतमंदो को एक ही स्थान पर कई प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होती हैं। कहा कि प्रखंड प्रशासन स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर ऐसे कार्यक्रमों को आगे भी प्रोत्साहित करता रहेगा।
विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम ने कहा कि स्वास्थ्य मेला आम जनों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहा है। सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारा प्रयास है। कहा कि आम जनता को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना चाहिए। मौके पर चिकित्सा प्रभारी डॉ नवाब ने बताया कि स्वास्थ्य मेला में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों की जांच की गई और आवश्यक दवाएं निःशुल्क दी गई।

कहा कि प्रखंड क्षेत्र के रहिवासियों में स्वास्थ्य को लेकर अच्छी जागरूकता देखने को मिली है। साथ हीं स्वास्थ्य मेला के सफल आयोजन से स्थानीय रहिवासियों में प्रसन्नता देखी गई। ज्ञात हो कि मौके पर उपस्थित कई जनप्रतिनिधियों ने इसे सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय टीम सुमित कुमार, विनय कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रविशंकर, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष व् सांसद प्रतिनिधि बानेश्वर महतो, संतोष कुमार महतो, डॉ नवाब, डॉ पवन, डॉ रेखा, डॉ बंसल, डॉ बिपिन, डॉ मानस कपरदार, डॉ परमेश्वर महतो, डॉ रुचिका सांता मुखर्जी सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमार के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply