Advertisement

गुरुजी वाटिका को मिलेगा प्रेरणादायक स्वरूप, समयबद्ध निर्माण पर जोर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में निर्माणाधीन गुरुजी वाटिका परियोजना को लेकर 17 जून को बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि गुरुजी वाटिका को केवल एक पार्क के रूप में नहीं, बल्कि एक प्रेरणादायक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि यह परियोजना सामाजिक सरोकारों, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बैठक में डीसी ने गुरूजी वाटिका निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को समय-समय पर स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने और किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।

ज्ञात हो कि गुरुजी वाटिका के विकसित होने से जिले में हरित क्षेत्र का विस्तार होगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी। इसके साथ ही यह स्थल वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुकून और प्रेरणा का केंद्र बनेगा। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि आम रहिवासी जल्द से जल्द इसकी सुविधाओं का लाभ उठा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *