प्रखंड के उत्तासारा, तेनुघाट, पतकी एवं चांपी में कार्यक्रम
प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त के निर्देश पर जारी दूसरी तालिका के अनुसार 22 नवंबर को पेटरवार प्रखंड के चार अलग अलग पंचायतों में आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार प्रखंड के हद में उत्तासारा, तेनुघाट, पतकी तथा चांपी पंचायत भवन में अलग अलग तरीके से आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार महतो, अंचल अधिकारी अशोक राम एवं थाना प्रभारी राजू मुंडा की देख रेख में संपन्न हो गया। प्रायः चारों पंचायत के पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, मुखिया,पंचायत समिति सदस्य सहित स्टाल लगाकर प्रखंड के हरेक विभाग के अधिकारी व कर्मी सक्रिय दिखे।
बता दें कि, झारखंड सरकार ने पंचायत भवनों के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की होम डिलीवरी की सुविधा प्रदान की है, ताकि विभिन्न योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सके। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ राज्य के प्रत्येक रहिवासियों तक पहुँचाना है। जिसमें सर्वजन पेंशन, सोना सोबरन धोती-साड़ी वितरण और अन्य कल्याणकारी योजनाएं यथा स्वास्थ्य सेवा, कृषि, वन, मातृत्व, शिशु, पशुधन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र आदि कई विभाग शामिल थे।
इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं की उत्तासारा पंचायत में 206, पतकी पंचायत में 617, तेनुघाट पंचायत में 52 तथा चांपी पंचायत में कुल 126 आवेदन ग्रामीणों द्वारा जमा किए गये। ज्ञात हो कि अबुवा आवास एवं मईया सम्मान योजना के प्रपत्र जमा करने का जिक्र जारी सूची में नहीं था, बावजूद इसके ग्रामीणों के आवेदन लिए गए।
सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा द्वारा ट्रैफिक नियम, साइबर क्राइम, चाइल्डलाइन, तेज गति में वाहन न चलने एवं हेलमेट पहनकर मोटरसाइकिल चलाने को लेकर रहिवासियों को जागरूक किया गया।उपरोक्त पंचायतों के शिविरों के विभिन्न स्टालों का निरीक्षण बोकारो जिले की डीटीओ मारुति मिंज ने किया तथा बीडीओ संतोष कुमार महतो, सीओ अशोक राम एवं अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में अनेकों बैंक चेक एवं परिसंपत्तियों का वितरण किया। उत्तासारा में पंचायत सचिव प्रेरणा सुमन, नूपुर कुमारी, रोजगार सेवक भुनेश्वर महतो आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply