रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर में 14 जून को जनता दरबार का आयोजन किया गया। आयोजित जनता दरबार में कसमार, पेटरवार एवं जरीडीह प्रखंड क्षेत्र से बड़ी संख्या में रहिवासी अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे।
जनता दरबार में पूर्व जिला परिषद सदस्य बिमल जायसवाल ने आम जनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उनके समाधान का आश्वासन दिया।
जनता दरबार में सड़क, पेयजल, बिजली, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को उपस्थित रहिवासियों ने प्रमुखता से रखा। पुर्व जिप सदस्य जायसवाल ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना है।
इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों तक रहिवासियों की समस्याओं को पहुंचाने तथा शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराने की बात कही। जनता दरबार में पहुंचे उपस्थित जनों ने अपनी बात सीधे रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया। जायसवाल ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कहा कि जनता दरबार के माध्यम से कसमार, पेटरवार एवं जरीडीह क्षेत्र के रहिवासियों की समस्याओं को सीधे सुनने का अवसर मिला। जो भी समस्याएं हमारे संज्ञान में आई हैं, उन्हें संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। कहा कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद लगातार बना रहे, इसी उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
![]()













Leave a Reply