Advertisement

सपनों की ऊंची उड़ान: मजदूर की बेटी छोटी कुमारी आर्ट्स में बनीं स्टेट टॉपर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा 6 मई को घोषित 12वीं (इंटरमीडिएट) के परीक्षा परिणामों में बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के हरनाद स्थित पीएमश्री क्षेत्रनाथ+2 उच्च विद्यालय की छात्रा छोटी कुमारी ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। छोटी ने इंटरमीडिएट आर्ट्स संकाय में पूरे राज्य में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

कसमार प्रखंड के हद में ​खैराचातर रहिवासी छोटी कुमारी की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उनके पिता भवानी शंकर नायक एक दैनिक मजदूर के रूप में कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। माता माला देवी गृहणी हैं। संसाधनों की कमी के बावजूद छोटी ने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से 500 में से 487 अंक हासिल कर यह मुकाम पाया है।

​ ​इस वर्ष झारखंड बोर्ड का कुल पास प्रतिशत 96.14 प्रतिशत रहा, जिसमें छात्राओं ने एक बार फिर बाजी मारी है। इंटरमीडियट ओवर ऑल स्टेट टॉपर धनबाद की राशिदा नाज़ ने 489 अंक में 97.8 प्रतिशत, ​आर्ट्स टॉपर बोकारो के कसमार की छोटी कुमारी ने 487 अंक लाकर 96.14 प्रतिशत पायी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार छोटी कुमारी ने 487 अंक प्राप्त किए हैं, जो उन्हें कला संकाय के शीर्ष गौरव पर प्रतिष्ठित करता है।

​छोटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र के जन-प्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने हर्ष व्यक्त किया है। खैराचातर पंचायत के मुखिया विजय कुमार जायसवाल, वरिष्ठ समाजसेवी गौतम सागर, कुमार गौरव और कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी, समाज सेवी ज्ञानेश जायसवाल ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे पूरे कसमार क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।

​समाजसेवी गौतम सागर ने कहा कि छोटी ने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो गरीबी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की हजारों लड़कियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। छात्रा छोटी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव में उत्सव का माहौल है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *