Advertisement

बकरीद को लेकर गोमिया व् ललपनिया क्षेत्र में पुलिस प्रशासन का फ्लैग मार्च

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बकरीद (कुर्बानी) को लेकर शांति व्यवस्था बनाये रखने को लेकर बोकारो जिला के हद में गोमिया तथा ललपनिया थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में गोमिया तथा ललपनिया क्षेत्र में बकरीद पर्व को लेकर 26 मई को बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुवा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंद्र सिंह, गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव महतो, अंचल अधिकारी आफताब आलम, तेनुघाट सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन ने फ्लैग मार्च किया।

वहीं ललपनिया ओपी प्रभारी जयप्रकाश एक्का, महुआटांड़ थाना प्रभारी कृष्णा कुशवाहा, रहावन ओपी प्रभारी पिंटू महथा और जागेश्वर बिहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव के साथ टीम ने ललपनिया, महुआटांड़ एवं जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र में भ्रमण किया। अधिकारियों ने स्थानीय रहिवासियों से मिलकर बकरीद पर्व को शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

इस अवसर पर भीषण गर्मी को देखते हुए जागेश्वर चौक पर अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शुद्ध पेयजल पनशाला का उद्घाटन किया। मौके पर जागेश्वर बिहार थाना के पुलिस पदाधिकारी सुरेश पाहन, धर्मेंद्र सिंह सरदार, विशाल कुमार, फिलिप सोरेन, चौकीदार मुशर्रफ अंसारी ने राहगीरों को पानी पिलाया।

कार्यक्रम में कुंदा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य रामचंद्र सिंह, मुस्लिम समुदाय के सदर अहसान अंसारी, जाकिर अंसारी, अबरार अंसारी, पचु महतो, सुरेश गिरि, सतपाल महतो सहित अन्य रहिवासी मौजूद थे। मुख्य अतिथियों ने उपस्थित जनों के बीच गुड़ और चना का वितरण किया।
मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि त्योहार सभी का है। आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। कहा गया कि बकरीद पर्व पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *