प्रहरी संवाददाता/बोकारो थर्मल (बोकारो)। रामनवमी पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पिंकू कुमार यादव के नेतृत्व में 25 मार्च को थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया।
जानकारी के अनुसार फ्लैग मार्च थाना से प्रारंभ होकर विभिन्न चौक तक पहुंचा। जहां प्रभारी सह इंस्पेक्टर यादव ने स्थानीय दुकानदारों एवं राहगीरों से संवाद किया। कहा कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजनों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना तथा असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना है। कहा कि प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है और गश्ती दलों को सक्रिय कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुड़दंग, तेज रफ्तार वाहन चलाने, अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नज़र रहेगी। कहा कि प्रशासन ने आम रहिवासियों से अपील की है कि रामनवमी का पर्व शांति, भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। मौके पर पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार पासवान, पुअनि कृष्णा उराँव, पुअनि मनोज कुमार सिंह, पुअनि राजेंद्र प्रमाणिक, पुअनि पंकज कुमार भारद्वाज, शिव शंकर राम, सुनील कुमार गुप्ता आदि पुलिस जवान मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply