Advertisement

रामनवमी को ले कसमार में फ्लैग मार्च, प्रशासन द्वारा शांति व् सौहार्द बनाए रखने की अपील

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। रामनवमी पर्व (27 मार्च) को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बोकारो जिला के हद में कसमार क्षेत्र में थाना प्रभारी कुंदन कुमार एवं अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में 25 मार्च को संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल के साथ अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया और आम जनों से पर्व को शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।

बताया जाता है कि फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने रहिवासियों को प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया तथा किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी। फ्लैग मार्च के माध्यम से क्षेत्र के रहिवासियों में सुरक्षा का भरोसा जगाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देने का भी प्रयास किया गया।

इस अवसर पर कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने कहा कि रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी क्षेत्रवासी मिलजुल कर त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि कसमार क्षेत्र की जनता हमेशा से आपसी भाईचारे का परिचय देती आई है और इस बार भी सभी के सहयोग से पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा। इस अवसर पर प्रशासन ने आमजनो से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *