Advertisement

पापा सांसद, मम्मी विधायक और बेटा बिना चुनाव लड़े ही बन गया सरकार में मंत्री

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। बिहार सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में 20 नवंबर को नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में शपथ ग्रहण किया। इस शपथ ग्रहण समारोह में देश के प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और नेता भी सम्मिलित हुए।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल के शपथ के दौरान एक जींस शर्ट पहने युवक दीपक प्रकाश ने भी मंत्री के रूप में शपथ लिया, जिसकी चर्चा पहले से नहीं थी। मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले दीपक प्रकाश राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) सुप्रीमो एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा और सासाराम की नवनिर्वाचित विधायक स्नेहलता के पुत्र हैं। 37 वर्षीय दीपक प्रकाश को रालोमो कोटे से नीतीश सरकार के मंत्रीमंडल में स्थान मिला है।

ज्ञात हो कि पुर्व केंद्रीय मंत्री व् सांसद उपेंद्र कुशवाहा वैशाली जिला के हद में महनार प्रखंड की नारायणपुर डेढ़पुरा पंचायत के जावज रहिवासी हैं। उनके पुत्र दीपक प्रकाश का जन्म 22 अक्टूबर 1989 को हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा पटना में हुई, जहां उन्होंने वर्ष 2005 में आइसीएसई बोर्ड से 10वीं और वर्ष 2007 में सीबीएसई बोर्ड से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने एमआरटी मणिपाल से कंप्यूटर साइंस में वर्ष 2011 में बी.टेक किया है।

तकनीकी क्षेत्र से आने वाले दीपक ने वर्ष 2011 से 2013 तक साफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्य किया। बाद में वे स्वयं के व्यवसाय से जुड़ गए। इस तरह नवगठित नीतीश कुमार की मंत्रिमंडल में वैशाली जिले के चार मंत्रियों ने शपथ ग्रहण किया, जिसमें दीपक प्रकाश अभी तक विधानसभा या विधान परिषद के सदस्य नहीं हैं। और न हीं उन्होंने अभी तक कोई चुनाव लड़ा है। इन्हें 6 माह के अंदर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना होगा। कयास लगाया जा रहा है कि इन्हें विधान परिषद से निर्वाचित कराया जाएगा।

उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश के मंत्रिमंडल में शामिल होने की सूचना से वैशाली जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है ।आलोचक कुशवाहा पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगा रहे हैं। ध्यान देने योग्य है कि इस बार के चुनाव में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोमो से चार विधायक निर्वाचित हुए हैं, लेकिन उन्होंने अपने किसी विधायक को मंत्रिमंडल में नहीं शामिल कर अपने पुत्र को बिहार सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल कराने में सफल रहे है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *