Advertisement

अतिथि भवन तेनुघाट में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट स्थित सिचाई विभाग के अतिथि भवन परिसर में 5 जून की देर संध्या विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में निवर्तमान एसडीओ मुकेश मछुवा को भावभीनी विदाई जबकि नए एसडीओ मनोज कुमार का औपचारिक रूप से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर पूरे अनुमंडल के प्रशासनिक और पुलिस महकमे ने एक साथ उपस्थित होकर दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में गोमिया सीओ आफताब आलम, गोमिया बीडीओ महादेव कुमार महतो, बेरमो एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह, बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार, पेटरवार बीडीओ मुकेश कुमार, पेटरवार सीओ अशोक राम, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो तथा महुआटांड़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने समारोह को संबोधित करते हुए निवर्तमान एसडीओ मुकेश मछुवा के 18 माह के कार्यकाल की सराहना की। कहा कि उनके कार्यकाल में प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और समन्वय स्थापित करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी अधिकारियों ने उनके सहयोगात्मक रवैये और कार्यशैली की प्रशंसा की।

वहीं नए एसडीओ मनोज कुमार का स्वागत करते हुए उपस्थित अधिकारियों ने भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में अनुमंडल में विकास कार्यों और प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलेगी तथा सभी विभाग मिलकर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करेंगे। अपने संबोधन में निवर्तमान एसडीओ मुकेश मछुवा ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि बेरमो अनुमंडल की भौगोलिक विविधता और कार्य अनुभव उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने यहां के रहिवासियों और सहकर्मियों के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों ने निवर्तमान एसडीओ को शॉल, माला, बुके एवं उपहार भेंट कर भावभीनी विदाई दी। संचालन निबंधन कार्यालय कर्मी उत्पल घोष ने की। इस अवसर पर स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गयी थी। भोजन पश्चात उपस्थित जनों के विशेष आग्रह पर निवर्तमान एसडीओ तथा तेनुघाट ओपी प्रभारी द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को भाव विभोर कर दिया गया। कार्यक्रम अर्ध रात्रि तक चला। मौके पर जरीडीह अंचल पुलिस निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर पिंकू कुमार यादव, पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *