Advertisement

सीसीएल मुख्यालय में सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस में 30 मई को एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार आयोजित सम्मान समारोह के अवसर पर मई माह में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 8 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया।

बताया गया कि सीसीएल मुख्यालय सहित विभिन्न कोयला क्षेत्रों से सेवानिवृत्त हुए कुल 90 कर्मियों को कार्यक्रम आयोजित कर गरिमापूर्ण विदाई दी गई। समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएँ एवं स्मृतियाँ साझा की। मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में गांधीनगर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (सीएमओ) डॉ ओम प्रकाश, एल एंड आर विभाग के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) शंकर कुमार झा, गांधीनगर अस्पताल के महाप्रबंधक (एमएम) जॉयेश नायक, क्रय विभाग के महाप्रबंधक (एमएम) अनिल कुमार, वित्त (एक्सपी) के उप-प्रबंधक (वित्त) सुकांता कुमार गंतायत, वित्त (कैश) विभाग के वरिष्ठ डीई रेनु सुनीता एक्का, गांधीनगर अस्पताल के वरिष्ठ रेडियोग्राफ संजय कुमार सिन्हा एवं चालक जगदीश शामिल है।

विदाई सह सम्मान समारोह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह एवं निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र उपस्थित रहे। सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि आप सभी ने अपने समर्पण, अनुभव और उत्कृष्ट कार्यशैली से कंपनी की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आपके वर्षों के अनुभव, कर्मनिष्ठा एवं प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

हमें विश्वास है कि भविष्य में भी आप अपने मार्गदर्शन, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं सामाजिक योगदान से कंपनी को प्रेरित करते रहेंगे। निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा यात्रा का समापन नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। आप सभी ने वर्षों तक अपने समर्पण, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता से संगठन को सशक्त बनाया है। सीसीएल परिवार आपके योगदान के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगा तथा आपके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करता है। समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *