Advertisement

पंसस अयुब खान का प्रयास रंग लाया, परहैया में पुल निर्माण की शुरूआत

अंतिम पायदान आदिम जनजाति व् एसटी परिवारों को मिलेगी आवागमन की सुविधा

एस. पी. सक्सेना/लातेहार (झारखंड)। लातेहार जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला के हद में चंदवा प्रखंड के कामता पंचायत अंतर्गत चटुआग ग्राम के परहैया टोला में पुल निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है। कामता के पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने 3 मई को उक्त पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर पंसस खान ने कहा कि यहां की बड़ी आबादी अजादी के बाद से आवागमन के लिए मार्ग के लिए तरस रही थी। यहां पुल की आवश्यकता थी। इस स्थान पर पुल रास्ता नहीं होने के कारण आवागमन के लिए काफी परेशानी होती थी। आलम यह था कि पहना पानी गांव में एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती थी। बीमार को खटिया डोली के सहारे आधे किलोमीटर दुरी तय करना पड़ रहा था। कहा कि किसी की मौत होने पर उसके शव को कंधे में उठाकर घर ले जाया जाता था।

उन्होंने बताया कि बीते वर्ष 6 अक्टूबर 2025 को पहना पानी रहिवासी रौशन मुंडा की मौत एक सड़क हादसा में हो गया था। सड़क पुल के अभाव में परिजन और ग्रामीण उसके शव को कंधे में उठाकर घर तक ले गए थे। शव को कंधे पर उठाकर घर ले जाने के मामले को खान ने प्रमुखता से उठाते हुए जिला प्रशासन से पुल एवं रास्ता निर्माण की मांग की थी। इसके बाद हीं लातेहार जिला प्रशासन ने मामले में संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्थल निरीक्षण के लिए भेजा और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन से निर्देश मिलते ही संबंधित विभाग के पदाधिकारियों ने स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद यहां पुल निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। पंसस खान के अनुसार अल्पसंख्यक, एसटी व् आदिवासी बहुल पहना पानी और परहैया टोला के लिए यह मुख्य रास्ता है। पुल नहीं होने के कारण इस रास्ते से गुजरने वाले ग्रामीणों को दशकों से कठिनाइयों का सामना करना पर रहा था। पुल का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद अंतिम पायदान पर खड़े आदिम जनजाति और एसटी परिवारों को आवागमन के लिए इमरजेंसी में गांव तक एम्बुलेंस की आवाजाही की सुविधा मिलेगी।

चटूआग के पहना पानी और परहैया टोला के बीच पुल निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय रहिवासी सनिका मुंडा, बुधराम बारला, एतवा मुंडा, पिंटु गंझु, सनिचरवा परहैया, नुनवा परहैया, जगवा परहैया, फुलदेव परहैया, रंगवा परहैया, सरहूला परहैया, बोने मुंडा आदि ने बताया कि पहना पानी में पंद्रह घर अनुसूचित जनजाति और दस घर आदिम जनजाति के परिवार के हैं। यहां पुल बन जाने से रहिवासियों को आवागमन के लिए काफी राहत मिलेगी।

पंसस अयुब खान ने लातेहार जिला प्रशासन को साधुवाद देते हुए आभार व्यक्त किया तथा 3 मई को कहा कि दशकों से चली आ रही पुल सड़क समस्या का अब समाधान होने जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुल बनने से आवागमन ठीक होने के साथ साथ जिला के हद में सुदूर इस ग्रामीण इलाके को भी विकास की गति मिलेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *