Advertisement

बालीडीह टोल प्लाजा पर चालक की पिटाई, विरोध में चालकों ने किया जाम

टोल कर्मियों पर मारपीट का आरोप, घंटों बाधित रहा यातायात, मौके पर पहुंची पुलिस

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बालीडीह स्थित टोल प्लाजा पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब 5 मई को टोल टैक्स कर्मियों द्वारा एक चालक की कथित पिटाई का मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य चालकों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में चालक टोल प्लाजा पर जुट गए।

बताया जाता है कि घटना से गुस्साए चालकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए टोल गेट को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
चालकों का आरोप है कि टोल कर्मियों द्वारा अक्सर अभद्र व्यवहार किया जाता है और इस बार तो मारपीट तक की घटना सामने आई है, जिसे वे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रदर्शन कर रहे चालकों ने दोषी कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने चालकों को समझा-बुझाकर जाम हटाने की कोशिश की और मामले की जांच का आश्वासन दिया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई, लेकिन घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और मामले की जांच जारी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *