Advertisement

डीएम ने फार्मर रजिस्ट्री कार्य को उच्च प्राथमिकता से करने का दिया निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने 8 जनवरी को सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, राजस्व कर्मचारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। आयोजित बैठक में फार्मर रजिस्ट्री कार्य प्रगति की गहन समीक्षा की गयी। उन्होंने इसे उच्च प्राथमिकता से करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने गुरुवार को प्रत्येक अंचल में कम से कम 40-40 स्थलों पर विशेष कैम्प का आयोजन करने का निर्देश दिया।जिस मौजे के बकेट लिस्ट में अधिक किसानों का नाम है वहां प्राथमिकता से अब कैम्प का आयोजन करना है। साथ ही, सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जहां बकेट लिस्ट में ज्यादा नाम है वहां अपने -अपने क्षेत्रांतर्गत 40 कैंप स्थल प्लान करें।

पूरे सारण जिले के प्रत्येक प्रखंड में 40 स्थलों पर कैंप, कुल मिलाकर 800 स्थलों पर कैंप कराने का निर्देश दिया गया है। कहा कि सभी अंचलाधिकारी एवं कृषि पदाधिकारी 9 जनवरी के लिए अपने अंचल में 40 कैंप स्थल का चयन करना सुनिश्चित करें। प्रखंड के सभी पर्यवेक्षकीय पदाधिकारियों के माध्यम से कैंप लगाकर किसानों को उनके घर से बुलाकर कैम्प में आने के लिये प्रेरित करने कहा गया।मौजावार बकेट लिस्ट का प्रिंट कराकर स्थल पर सूची पूर्व से प्रदर्शित कर कैंप स्थल पर किसानों में ऊहापोह की स्थिति उत्पन्न न होने पाए, इसकी व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

यह भी निर्देश दिया गया कि कैंप में वीएलई को भी बैठाना सुनिश्चित करें, ताकि किसानों द्वारा दाखिल खारिज व नामांतरण के लिए वहीं आवेदन देकर प्रथम चरण की प्रक्रिया को पूर्ण कराया जा सके। कहा गया कि अगर बकेट लिस्ट में नाम नहीं है, लेकिन जमाबंदी में नाम है, तो उस किसान का भी फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी का निर्माण करें। बैठक में सभी किसानों से अपना फार्मर रजिस्ट्री आईडी अवश्य रूप से बनवाने की अपील की गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *