रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिला उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने 27 मई को समाहरणालय सभागार में संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि 28 मई को आयोजित बकरीद पर्व के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भ्रामक पोस्ट करने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी नाथू सिंह मीना ने बताया कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फ्लैग मार्च, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), ड्रोन कैमरा, सीसीटीवी निगरानी एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने को कहा गया है।
जिला प्रशासन की ओर से आमजनों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
प्रेस वार्ता में अधिकारियों ने कहा कि सभी समुदाय आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाएं, ताकि जिले में शांति और सद्भाव कायम रहे। मौके पर उपरोक्त के अलावा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी (एपीआरओ) अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न प्रिंट तथा इलेक्ट्रोनिक व् सोशल मीडिया कर्मी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply