अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार दिवस के अवसर पर 22 मार्च को सारण जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग द्वारा राजेंद्र स्टेडियम छपरा में दिव्यांगजन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उक्त आयोजन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों में निहित खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उनके समग्र सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था।
जानकारी के अनुसार आयोजन कार्यक्रम के अंतर्गत जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) एवं शॉटपुट (गोला फेंक) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए दिव्यांग प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित खेल कौशल, अनुशासन एवं आत्मविश्वास सराहनीय रहा।

प्रतियोगिता के उपरांत जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग सारण द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा विजेताओं एवं अन्य प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया, साथ हीं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
बताया जाता है कि उपस्थित प्रतिभागियों को सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग सारण द्वारा विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। यह आयोजन न केवल दिव्यांगजनों के मनोबल को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध हुआ, अपितु समाज में उनके प्रति सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण के प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
![]()













Leave a Reply