Advertisement

ठाकुर बांध तालाब के समीप पेड़ से लटका युवक का शव बरामद, जांच जारी

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में हरला थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब थाना क्षेत्र के रामडीह मोड़ स्थित ठाकुर बांध तालाब के समीप एक पेड़ से लटका युवक का शव बरामद किया गया।

बताया जाता है कि 22 मार्च की सुबह टहलने निकले स्थानीय रहिवासियों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हरला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के आंगवाली रहिवासी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के पुत्र धर्मदेव गुप्ता के रूप में की गयी है, जो वर्तमान में बोकारो के सेक्टर आठ में रह रहा था। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। घटनास्थल से एक बैग भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल चास भेज दिया है। कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आसपास के रहिवासियों से मामले के बावत पूछताछ कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *