Advertisement

जिला आधार निगरानी समिति का डीडीसी ने की बैठक

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देशानुसार 9 सितंबर को जिला मुख्यालय समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक की गयी। अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने की।

बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, एलडीएम मो. आबीद हुसैन, यूआइडी क्षेत्रीय कार्यालय रांची के प्रतिनिधि मो. अब्दुल कलाम अंसारी, यूआइडी डीपीओ शैलेन्द्र मिश्रा, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा, सीएससी मैनेजर तथा इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक के वरीय प्रबंधक सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक में डीडीसी मजूमदार ने बोकारो जिले में संचालित आधार केंद्रों की अद्यतन जानकारी ली। डीपीओ यूआइडी ने डीडीसी को बताया कि जिले में कुल 129 आधार केंद्र कार्यरत हैं। सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों और 8 बीआरसी में अभियान के तहत आधार पंजीकरण एवं बायोमैट्रिक अपडेट का कार्य सुचारू रूप से संचालित है। उन्होंने बताया कि बोकारो जिले में कुल 150 आधार किट उपलब्ध हैं। इनमें से 129 किट कार्यरत हैं, जबकि 21 किट फिलहाल काम नहीं कर रहा हैं।

डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द निष्क्रिय किटों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। बैठक में कहा गया कि शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराई गई कुल 18 आधार किटों में से केवल 8 किट कार्यरत हैं। शेष किटों को सक्रिय करने के लिए डीडीसी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को एमकेएस एजेंसी एवं जेईपीसी रांची से तत्काल संपर्क स्थापित करने का निर्देश दिया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि निष्क्रिय किटों को जल्द-से-जल्द कार्यशील किया जाए, ताकि आम जनता को अधिकतम सुविधा मिल सके।

बैठक में यह स्पष्ट कहा गया कि जिन रहिवासियों के आधार कार्ड का निर्माण 10 वर्ष से पूर्व हुआ है, उन्हें अपने पहचान प्रमाण एवं पते के प्रमाण सहित दस्तावेज अपलोड कराना अनिवार्य है। इस प्रक्रिया को लेकर आमजनों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दी गई, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक सही जानकारी पहुंच सके।

बैठक में अभियान के दौरान प्राप्त उपलब्धियों की भी डीडीसी ने समीक्षा की। बताया कि जुलाई माह में जिले में कुल 332 नए आधार कार्ड बनाए गए और 4351 आधार कार्ड का अपडेट कार्य सम्पन्न हुआ है। वहीं, अगस्त माह में बोकारो जिले में कुल 234 नए आधार कार्ड बनाए गए और 2439 आधार कार्ड अपडेट किए गए हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *